अवैध पोस्ता खेती मामले में नामजद अभियुक्त गिरफ्तार
चौपारण पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
हजारीबाग/चौपारण: अवैध पोस्ता एवं अफीम खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौपारण पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना कांड संख्या 43/26 में नामजद अभियुक्त विजय पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय पासवान, पिता स्वर्गीय मुन्नी पासवान, ग्राम दनुवा, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रविवार 18 मई 2026 को हिरासत में लिया था। पूछताछ एवं जांच के दौरान उसके द्वारा अवैध रूप से पोस्ता एवं अफीम की खेती कराए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा अवैध पोस्ता खेती कराई जा रही है। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी संलिप्तता सामने आने पर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे भी जांच जारी है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती एवं कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












