अवैध मवेशी कारोबार पर बड़कागांव पुलिस का शिकंजा, 21 मवेशी जब्त
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह की लगातार कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप
बड़कागांव (हजारीबाग): बड़कागांव थाना क्षेत्र में अवैध मवेशी कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ऊपर पहाड़ इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 मवेशियों को जब्त किया है। मामले में चार कारोबारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को अवैध रूप से बाहर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 गाय की बाछियों एवं एक बैल सहित कुल 21 मवेशियों को जब्त कर लिया।
बताया जाता है कि मवेशियों को वध के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तत्परता के कारण उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि पुलिस की दबिश के दौरान अवैध कारोबारी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में सिरमा निवासी मोहम्मद सफी, महुंगाई कला अलकडीहा निवासी मोहम्मद हफीजुल, मोहम्मद आसिफ एवं मोहम्मद दिलदार के खिलाफ बड़कागांव थाना कांड संख्या 84/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
क्षेत्र में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान की आम लोगों ने सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लग रहा है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। अवैध शराब, मादक पदार्थ और मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़कागांव पुलिस की लगातार कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल है।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












