छह साल का मासूम भटका, टेंपो चालक की मानवता से सुरक्षित पहुंचा थाना
प्रतापपुर, चतरा :जिले के जोरी क्षेत्र में शुक्रवार को मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। करीब छह वर्षीय एक मासूम बच्चा भटकता हुआ सड़क किनारे मिला, जिसे एक टेंपो चालक ने सुरक्षित प्रतापपुर थाना पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया। बच्चे के सुरक्षित मिलने की खबर के बाद क्षेत्र में राहत की भावना है।
जानकारी के अनुसार, जोरी क्षेत्र में एक टेंपो चालक की नजर सड़क किनारे अकेले घूम रहे एक छोटे बच्चे पर पड़ी। बच्चा घबराया हुआ था और अपने परिजनों से बिछड़ा नजर आ रहा था। चालक ने तुरंत मानवता दिखाते हुए बच्चे से बातचीत की और उसके घर-परिवार की जानकारी लेने की कोशिश की। बच्चा अपना नाम आकाश तथा पिता का नाम मिथुन बता रहा था। साथ ही वह अपना घर प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ढोढा गांव में होने की बात कह रहा था।
टेंपो चालक बच्चे को लेकर प्रतापपुर पहुंचा और काफी देर तक आसपास के लोगों एवं बाजार क्षेत्र में उसके परिजनों की तलाश करता रहा। काफी प्रयास के बावजूद जब बच्चे के घरवालों का कोई पता नहीं चला, तब चालक ने जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चे को सुरक्षित प्रतापपुर थाना पहुंचा दिया।
इधर, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन ने भी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बच्चे को अपने संरक्षण में रखा। थाना परिसर में मासूम बच्चे को जूस, सिंघाड़ा, मिठाई समेत अन्य खाद्य पदार्थ खिलाए गए और उसकी पूरी देखभाल की गई। पुलिसकर्मी भी बच्चे को सहज महसूस कराने में जुटे रहे।
थाना प्रभारी आलोक रंजन ने बताया कि बच्चा फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है। उसकी पहचान और परिजनों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति बच्चे की पहचान करता है या उसके परिवार के बारे में जानकारी रखता है, तो तुरंत प्रतापपुर थाना पहुंचकर संपर्क करें, ताकि बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले किया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि समाज में आज भी इंसानियत जिंदा है। टेंपो चालक और पुलिस की संवेदनशीलता की लोग सराहना कर रहे हैं।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे













