असम चुनाव 2026: एग्जिट पोल में बीजेपी की बंपर बढ़त, कांग्रेस ने उठाए सवाल
असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) एक बार फिर सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी लगभग 75 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के दोबारा सत्ता संभालने की संभावना मजबूत हो गई है।
वहीं कांग्रेस इस चुनाव में कमजोर स्थिति में दिखाई दे रही है और करीब 24 सीटों पर ही बढ़त बना पाई है। एआईयूडीएफ का प्रदर्शन भी फीका नजर आ रहा है और वह केवल 2 सीटों पर आगे बताई जा रही है। जोरहाट सीट से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के पीछे चलने की खबर ने पार्टी की चिंता और बढ़ा दी है।
इधर, कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। गौरव गोगोई ने कहा कि पार्टी सकारात्मक नतीजों की उम्मीद कर रही है और मतगणना के हर चरण पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि मतदान के बाद कुछ जगहों पर बिना इस्तेमाल वाली ईवीएम मशीनें बिना ताले के कमरों में रखी मिलीं, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने राज्यभर में पर्यवेक्षक तैनात किए हैं ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।अब सभी की नजरें आधिकारिक नतीजों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि असम की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













