हजारीबाग पुलिस का विशेष अभियान: 388 संवेदनशील संस्थानों पर कड़ी निगरानी
हजारीबाग, 2 मई: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए हजारीबाग पुलिस ने व्यापक निगरानी अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बैंक, ज्वेलरी दुकान और पेट्रोल पंप जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों को चिन्हित कर उन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में थाना प्रभारियों द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें नियमित रूप से चिन्हित स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, जिले के 140 बैंकों, 102 पेट्रोल पंपों और 146 ज्वेलरी दुकानों को चिन्हित कर कुल 388 महत्वपूर्ण संस्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रत्येक स्थान पर एक रजिस्टर भी खोला गया है, जिसमें पेट्रोलिंग पदाधिकारियों को प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग जिले के कंट्रोल रूम द्वारा की जा रही है, ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












