चतरा में मामूली विवाद बना हिंसक, चाकू से हमले में युवक घायल
पाराडीह गांव की घटना, आरोपी फरार; पुलिस ने शुरू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
चतरा: सदर थाना क्षेत्र के पाराडीह गांव में शनिवार सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में चाकू से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे बसंत भारती नामक व्यक्ति अपने पड़ोसी रामदेव भारती के घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर युवक और उसके परिवार पर हमला कर दिया।
घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर सदर थाना पहुंचा। थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत सदर अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित के पिता रामदेव भारती के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी बसंत भारती की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।