गिद्धौर में दर्दनाक सड़क हादसा: युवक की मौत से गांव में मातम

गिद्धौर में दर्दनाक सड़क हादसा: युवक की मौत से गांव में मातम

गिद्धौर (चतरा): प्रखंड क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। गिद्धौर के जाने-माने छड़-सीमेंट व्यवसायी जगदीश महतो के परिवार में उस वक्त कोहराम मच गया, जब उनके पोते सचिन कुमार की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दयाशंकर दांगी के पुत्र सचिन कुमार अपने कार्य के सिलसिले में पांडेमहुआ स्थित पेट्रोल पंप से सदर अस्पताल चतरा ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अपाची बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सचिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।

परिजनों द्वारा उन्हें हजारीबाग ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही सचिन कुमार ने दम तोड़ दिया। इस दुखद खबर के मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। हर ओर शोक और सन्नाटा छा गया है।

सचिन कुमार के आकस्मिक निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Comment