चतरा में रामनवमी को लेकर प्रशासन सतर्क, डीसी-एसपी ने जुलूस मार्गों का किया निरीक्षण

शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी

रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चतरा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उपायुक्त कीर्तिश्री एवं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ा समितियों और प्रमुख जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन सभी महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया, जहां से रामनवमी के अवसर पर जुलूस निकाले जाते हैं। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
उपायुक्त ने नगर परिषद एवं अन्य विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और गश्ती दल के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।डीसी ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की संयुक्त प्रतिनियुक्ति की जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ रामनवमी पर्व मनाएं।इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीपीओ चतरा, थाना प्रभारी चतरा सदर, नगर परिषद के पदाधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










