चतरा: सड़क सुरक्षा व अवैध खनन पर सख्ती के निर्देश, समीक्षा बैठक सम्पन्न

चतरा:समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं और अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।खनन विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी तक 71 प्राथमिकी दर्ज कर 152 वाहन जब्त किए गए, जबकि 201 वाहनों से करीब 39.13 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि में 89 प्राथमिकी, 150 वाहन जब्ती और 30.42 लाख रुपये की वसूली हुई थी।
समीक्षा में पाया गया कि चालू वर्ष में प्राथमिकी दर्ज करने की रफ्तार धीमी है, जिस पर उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने छापेमारी बढ़ाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।उपायुक्त ने बालूघाटों से राजस्व की मासिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने, अवैध खनन-परिवहन पर रोक लगाने और टास्क फोर्स को सक्रिय रहने का निर्देश दिया। साथ ही सीसीएल परियोजनाओं को कोयला ढुलाई में लगे वाहनों का VTD पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बिना अनुमति चल रहे क्रशर, खनन पट्टा और ईंट भट्ठों पर कार्रवाई तथा वैध इकाइयों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए।सड़क सुरक्षा की समीक्षा में बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सघन वाहन जांच, लंबित हिट एंड रन मामलों के शीघ्र निष्पादन और संघरी घाटी में विशेष निगरानी की बात कही गई। भारी वाहनों के लिए 40 किमी प्रति घंटा की गति सीमा का सख्ती से पालन कराने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा गुड सेमेरिटन पॉलिसी के तहत सड़क हादसे में मदद करने वालों को लाभ देने और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।बैठक में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ जहूर आलम, जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, जिला खनन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










