चतरा एयर एंबुलेंस हादसा: 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान का इंजन

सिमरिया (चतरा):चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित कासियतू करमटांड जंगल में 23 फरवरी को हुए एयर एंबुलेंस हादसे से जुड़ा अहम सुराग 21 दिन बाद मिला है। रविवार को महुआ चुनने गए ग्रामीणों को जंगल में विमान का इंजन दिखाई दिया, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इंजन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि यह इंजन दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मिला है। हादसे के बाद से ही विमान के कुछ हिस्सों की तलाश की जा रही थी।थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद इंजन को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है और जांच टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इंजन मिलने से हादसे के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।गौरतलब है कि 23 फरवरी को इसी क्षेत्र में एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई थी, जिसमें पायलट, मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिक स्टाफ और मरीज के परिजन समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










