पुलिस संस्मरण दिवस: चतरा में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, परिजनों को किया गया सम्मानित
चतरा:पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर चतरा पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्थल पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में विशेष परेड का आयोजन किया गया, जिसमें
शहीद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की चिरस्थायी स्मृति को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के नामों का पाठ कर उनके सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर देने और दो मिनट का मौन धारण करने से हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक चतरा एवं सभी उपस्थित पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने परिजनों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली और पुलिस विभाग की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के समापन पर शहीद परिवारों के सदस्यों के साथ सामूहिक फोटोग्राफी कराई गई, जो यह दर्शाती है कि पुलिस विभाग स्वयं को एक परिवार मानता है।
पुलिस संस्मरण दिवस का यह आयोजन केवल शहीद जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का ही नहीं, बल्कि उनके बलिदान को याद करने और समाज में उनके योगदान को उजागर करने का भी प्रतीक रहा।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













