शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में लगेगी शहीद शेख भिखारी की प्रतिमा
डीएमएफटी मद से स्थापना का प्रस्ताव, जिला प्रशासन सक्रिय
हजारीबाग:1857 की क्रांति के महानायक और झारखंड की धरती के अमर सपूत शहीद शेख भिखारी की स्मृति को अमर बनाने की दिशा में पहल शुरू हुई है। हेल्पिंग इंडिया ट्रस्ट के आवेदन पर जिला प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव विचाराधीन रखा है। प्रतिमा स्थापना का खर्च जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से वहन किए जाने का सुझाव दिया गया है।शहीद शेख भिखारी का जन्म 2 अक्टूबर 1819 को हुआ था। उन्होंने 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई थी। उनकी वीरता से घबराए अंग्रेजों ने 8 जनवरी 1858 को उन्हें फांसी पर चढ़ा दिया।ट्रस्ट का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिमा लगने से मरीजों और आने-जाने वाले लोगों को उनके साहस, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी। वहीं, स्थानीय बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों का मानना है कि यह पहल युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।



