आज भारत-बांग्लादेश मुकाबला: जीत तो फाइनल लगभग पक्का!
एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर-4 मुकाबले में आज भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश से होगा। भारत ने सुपर-4 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। अगर भारत आज जीतता है तो फाइनल में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा।बांग्लादेश ने सुपर-4 के अपने पहले मैच में श्रीलंका को मात दी है। अगर वे भारत को हराने में सफल होते हैं तो उनकी फाइनल की उम्मीदें भी बढ़ जाएंगी।
पांच साल से भारत का दबदबा
टी-20 क्रिकेट में भारत का बांग्लादेश पर हावी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मुकाबले हुए हैं, जिनमें 16 में भारत जीता और बांग्लादेश को केवल एक जीत मिली है। बांग्लादेश ने भारत को आखिरी बार 2019 में दिल्ली में 7 विकेट से हराया था। पिछले साल हैदराबाद में हुई भिड़ंत में भारत ने 133 रन से जीत हासिल की थी।
भारतीय प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव की संभावना कम
भारत आज वही प्लेइंग-11 उतार सकता है जो पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। ओपनिंग में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल, मिडिल ऑर्डर में संजू सैमसन, और तेज़ गेंदबाज़ी में जसप्रीत बुमराह टीम की रीढ़ होंगे। स्पिन डिपार्टमेंट में अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं।
बांग्लादेश में एक बदलाव संभव
बांग्लादेश की टीम में शोरिफुल इस्लाम की जगह तंजिम हसन को मौका मिल सकता है। कप्तान लिटन दास को हल्का पीठ का खिंचाव था लेकिन वे भारत के खिलाफ मैच में फिट होने की उम्मीद है।
हार्दिक पंड्या के लिए रिकॉर्ड का मौका
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अगर आज चार विकेट लेते हैं, तो वे टी-20 इंटरनेशनल में भारत के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे। अभी उनके नाम 97 विकेट हैं, जबकि नंबर-1 पर अर्शदीप सिंह के नाम 100 विकेट हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
बांग्लादेश: सैफ हसन, तंजिद हसन, लिटन दास (कप्तान), तौहीद हृदॉय, शमीम हुसैन, ज़ाकिर अली, मेहदी हसन, नासुम अहमद, तस्किन अहमद, तंजिम हसन, मुस्तफिजुर रहमान
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













