हजारीबाग बस स्टैंड पर प्रशिक्षण केंद्र एवं विद्यालय, मेरु ने चलाया स्वच्छता अभियान

हजारीबाग : स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण केंद्र एवं विद्यालय, मेरु (सीमा सुरक्षा बल) ने शुक्रवार को हजारीबाग सरकारी बस स्टैंड परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम स्वच्छता पखवाड़ा-2025 के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे देशभर में मनाया जा रहा है।अभियान में प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, अन्य कार्मिकों के साथ लगभग 200 प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में झाड़ू लेकर सभी ने बस स्टैंड परिसर और आसपास की सड़कों की सफाई की। कूड़ा-कचरा हटाने के साथ ही उचित निपटान और साफ-सफाई के प्रति आमजनों को जागरूक भी किया गया।अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान न केवल बस स्टैंड को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि प्रशिक्षुओं के लिए नागरिक जिम्मेदारी का व्यावहारिक पाठ भी है। स्वच्छता पखवाड़ा सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज में स्वच्छता की स्थायी आदतें विकसित करना और सकारात्मक सोच का प्रसार करना है।प्रशिक्षण केंद्र एवं विद्यालय ने विश्वास जताया कि इस पहल से आमजन प्रेरित होंगे और अपने परिवेश को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। संस्थान ने आगे भी स्थानीय क्षेत्र के विकास और समाजहित से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











