हजारीबाग झील क्षेत्र बनेगा ‘नो व्हीकल जोन’, पांच प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों की एंट्री होगी बंद
हजारीबाग:-हजारीबाग झील क्षेत्र को सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। झील क्षेत्र को चरणबद्ध तरीके से “नो व्हीकल जोन” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसके तहत आने वाले दिनों में यहां वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर), सहायक नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त और ट्रैफिक थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से झील क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए पांच प्रमुख स्थानों को नो एंट्री प्वाइंट के रूप में चिन्हित किया गया।
प्रशासन द्वारा चिन्हित प्रवेश बिंदुओं में त्रिमूर्ति चौक, एंपी थिएटर/सीआरपीएफ रोड, इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, आयुक्त आवास और उपायुक्त आवास शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, इन सभी मार्गों से वाहनों की एंट्री बंद कर केवल पैदल चलने वाले लोगों को झील क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस पहल से झील क्षेत्र में प्रदूषण कम होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी और नागरिकों को घूमने-फिरने के लिए एक सुरक्षित एवं शांत वातावरण मिलेगा।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












