गिधौर से 9 लाख के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर को चतरा पुलिस ने किया गिरफ्तार, व्हाट्सएप चैट से खुले कई राज
गिधौर/चतरा:-
चतरा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ मैदान में छापेमारी कर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 9 लाख रुपये मूल्य की 44 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि जपुआ मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर गिद्धौर अंचलाधिकारी अनंत शयनम विश्वकर्मा और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जपुआ गांव निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक पैकेट में रखी करीब 44 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर तथा एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
जांच के दौरान मोबाइल में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े व्हाट्सएप चैट और तस्वीरें मिलीं। पुलिस ने इन डिजिटल साक्ष्यों का प्रिंट आउट निकालकर जब्त कर लिया है। बरामद सामग्री के आधार पर गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच जारी है।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












