सोनम वांगचुक की जगह पत्नी गीतांजलि करेंगी संसद मार्च का नेतृत्व, बोलीं- ‘शांतिपूर्ण रहेगा प्रदर्शन’
नई दिल्ली:सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने घोषणा की है कि वह 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च में अपने पति का प्रतिनिधित्व करेंगी। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि सोनम वांगचुक स्वयं शामिल नहीं हो पाते हैं, तो वह उनकी ओर से मार्च में भाग लेंगी।
डॉ. गीतांजलि ने बताया कि उन्होंने वांगचुक को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में तत्काल याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया। उनका कहना था कि यदि स्थानांतरण की अनुमति मिल जाती, तो वांगचुक भी मार्च में शामिल हो सकते थे।
उन्होंने मार्च में शामिल होने वाले छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रखा जाए और किसी भी ऐसे तत्व से सावधान रहें जो माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक अपना उपवास जारी रखना चाहते हैं और पानी पी रहे हैं, लेकिन अन्य तरल पदार्थ लेने से इनकार कर रहे हैं।
उधर, दिल्ली हाई कोर्ट ने वांगचुक को सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल स्थानांतरित करने की मांग वाली याचिका खारिज करते हुए कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार उन्हें हिरासत में नहीं रखा गया है और सरकारी अस्पताल में भर्ती करने के निर्णय को मनमाना नहीं कहा जा सकता।
यह मामला 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च और उससे जुड़े विरोध प्रदर्शन को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













