रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च

हजारीबाग: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बड़कागांव एवं केरेडारी प्रखंड का दौरा कर बेलतू और महुदी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने इलाके का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही माइकिंग के माध्यम से आम लोगों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
इस मौके पर अपर समाहर्ता संतोष कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा, भू-अर्जन पदाधिकारी निर्भय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती, उप निर्वाचन पदाधिकारी मां देव प्रिया, डीपीआरओ रोहित कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया है।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











