धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर हजारीबाग में भव्य शोभायात्रा, विभिन्न चौकों पर दी गई श्रद्धांजलि

हजारीबाग:महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती तथा झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार हजारीबाग में “जनजातीय गौरव दिवस” पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।शोभायात्रा में भारी संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएँ, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान शहीद नीलांबर-पीतांबर चौक, शहीद सिद्धू-कान्हू मुर्मू चौक और भगवान बिरसा मुंडा चौक पर बिरसा मुंडा एवं अन्य वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।शोभायात्रा का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस उन सभी महानायकों को सम्मान देने का अवसर है, जिन्होंने अपनी असाधारण वीरता और संघर्ष से देश व समाज को दिशा दी।कार्यक्रम में मुख्य रूप से हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल आदिवासी समाज के अधिकारों तक सीमित नहीं था, बल्कि वह पूरे देश की स्वतंत्रता और स्वाभिमान की लड़ाई का प्रतीक है।शोभायात्रा में अनेक देवतुल्य कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के सदस्य, महिला मोर्चा की प्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति और सांस्कृतिक नारों के साथ माहौल उत्सवमय रहा।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











