कटकमदाग में सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप
हजारीबाग:-कटकमदाग अंचल प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। कटकमदाग अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने यह अभियान चलाया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भू-माफियाओं और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सुल्ताना मौजा, थाना संख्या-91, गैर मजरूआ खास, खाता संख्या-112, प्लॉट संख्या-1789 की सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की जांच के बाद संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने और अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे अभियान को शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराया गया। बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण हटाए गए और सरकारी भूमि को पुनः प्रशासन के कब्जे में लिया गया।
अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून के पालन में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि इसी तरह नियमित अभियान चलाया जाए तो सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों पर प्रभावी रोक लगेगी और विकास योजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध हो सकेगी। प्रशासन ने दोहराया कि सरकारी जमीन जनता की संपत्ति है और उस पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट :-अनिल राम


