उपायुक्त ने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों को दी शुभकामनाए

हजारीबाग: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा आज से प्रारंभ हो रही है। इस अवसर पर हजारीबाग के उपायुक्त ने जिले सहित राज्यभर में परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।उपायुक्त ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होती है, लेकिन इसे किसी प्रकार के तनाव के रूप में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ, निर्भीक होकर एवं पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी अब तक की गई तैयारी पर पूरा भरोसा रखना चाहिए और प्रश्नपत्र को धैर्यपूर्वक पढ़ते हुए उत्तर लिखने चाहिए। समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखते हुए शांत मन से परीक्षा देने पर ही सफलता सुनिश्चित होती है।उपायुक्त ने विश्वास जताया कि जिले के सभी परीक्षार्थी अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा अपने परिवार, विद्यालय और पूरे हजारीबाग जिले का नाम रोशन करेंगे।उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान विद्यार्थियों के उत्तम स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए पुनः सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











