रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर
नालंदा से रजरप्पा मंदिर जा रहा था परिवार, एनएच-33 पर स्कॉर्पियो की अज्ञात वाहन से टक्कर; चार महिलाओं और चार बच्चों की भी मौत
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कुजू ओपी क्षेत्र के एनएच-33 पर पैंकी गांव के समीप स्कॉर्पियो और अज्ञात वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में चार महिलाओं, पांच पुरुषों और चार बच्चों की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघारो गांव के रहने वाले थे। परिवार के कुल 14 सदस्य स्कॉर्पियो (BR 21P 6331) से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे। इसी दौरान पैंकी गांव के समीप उनकी स्कॉर्पियो आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही अथवा उपचार के दौरान मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज रामगढ़ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य की पत्नी को सरकारी शिक्षक की नौकरी मिलने की खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत समेत प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के गांव जंघारो सहित पूरे नालंदा क्षेत्र में शोक की लहर है। एक साथ 13 लोगों की मौत से परिवार और गांव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












