हजारीबाग पुलिस का विशेष अभियान: 93 ठिकानों पर छापेमारी, 54 मनचले पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए
41 टीमों और 153 पुलिसकर्मियों ने जिलेभर में चलाया अभियान, पीआर बॉन्ड पर चेतावनी देकर छोड़ा गया
हजारीबाग:–हजारीबाग पुलिस ने पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर 4 अगस्त 2026 की रात जिलेभर में अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 93 स्थानों पर छापेमारी की गई और 54 लोगों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया।पुलिस के अनुसार, जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के लिए 41 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिनमें 153 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।छापेमारी के दौरान सार्वजनिक स्थानों और अड्डेबाजी वाले चिन्हित ठिकानों की जांच की गई। कार्रवाई में पकड़े गए 54 मनचले व्यक्तियों को थाना लाकर पीआर बॉन्ड (Personal Recognizance Bond) पर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत देते हुए छोड़ दिया गया।हजारीबाग पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में अड्डेबाजी, मनचलों की गतिविधि या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












