छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 10 नवंबर तक पूरी होंगी सभी तैयारियां
डीसी हेमंत सती और एसपी अमन कुमार ने शहर के प्रमुख तालाबों का किया निरीक्षण, गहरे क्षेत्रों में होगी बैरिकेडिंग और एनडीआरएफ की तैनाती
हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बुधवार को उपायुक्त हेमंत सती एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों और तालाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में 10 नवंबर तक पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने झील, छठ तालाब, बुढ़वा महादेव तालाब, कालीबाड़ी तालाब और हुडहुडू स्थित लंबा तालाब सहित शहर के अन्य प्रमुख जलाशयों का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
गहरे पानी वाले क्षेत्रों में होगी बैरिकेडिंग
उपायुक्त हेमंत सती ने मौके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त को सभी प्रमुख छठ तालाबों के गहरे और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को खतरनाक जलक्षेत्रों में जाने से रोकना और किसी भी संभावित दुर्घटना को टालना है। उन्होंने सभी घाटों पर बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
एनडीआरएफ की टीम और सुरक्षा कर्मियों की होगी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने तालाबों में एनडीआरएफ की टीम की प्रतिनियुक्ति करने तथा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। इसके अलावा बोट के माध्यम से तालाबों के गहरे हिस्सों और पानी की गहराई से संबंधित जानकारी नियमित रूप से अनाउंस कराने को कहा, ताकि श्रद्धालु सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही अर्घ्य अर्पित करें।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी जोर
छठ पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तालाबों के समीप उचित दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
10 नवंबर तक पूरी करनी होगी तैयारी
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि छठ लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का महापर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न जलाशयों और छठ घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से कार्य करने और छठ पर्व से जुड़ी सभी तैयारियां 10 नवंबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













