चौपारण में चोरी के सामान के साथ तीन गिरफ्तार
मोबाइल दुकान, बाइक व अन्य सामान चोरी मामले का पुलिस ने किया खुलासा, बड़ी संख्या में मोबाइल एसेसरीज और चोरी की बाइक बरामद
चौपारण/हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल दुकान से चोरी किए गए विभिन्न सामान, एक चोरी की मोटरसाइकिल सहित कई अन्य वस्तुएं बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार 07 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के सेलहारा में कुछ लोग संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना में यह भी सामने आया कि इन लोगों पर 03 सितंबर को सेलहारा चौक स्थित मोबाइल दुकान में चोरी तथा मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं में संलिप्त होने का संदेह है।
पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों तक पहुंची पुलिस
सूचना के आधार पर छापामारी दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोनु यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने पिंटू यादव और मंटू कुशवाहा के साथ चोरी की घटना में शामिल होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर पिंटू यादव और मंटू कुशवाहा को भी हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी का सामान बरामद किया गया।
मोबाइल एसेसरीज से लेकर चोरी की बाइक तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 05 मैक पावर ब्लूटूथ हेडफोन, 29 पैकेट टेम्पर्ड ग्लास, एक ईयरबड, चार कीपैड मोबाइल, चार डमी मोबाइल, आठ मोबाइल चार्जर, एक डीसी मोबाइल चार्जर, तीन खराब मोबाइल, 10 मोबाइल डिस्प्ले, दो बड़े और एक छोटा ब्लूटूथ स्पीकर, तीन एलईडी बल्ब, एक इंफरारेड बोर्ड और एक इन्वर्टर बैटरी बरामद की।
इसके अलावा लाल रंग की बिना नंबर वाली पैशन प्रो मोटरसाइकिल, जिसे पुलिस ने चोरी की बताया है, तथा एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट वाहन (JH02X-7452) भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार पिंटू यादव के खिलाफ चौपारण थाना में वर्ष 2023 में मामला दर्ज है। वहीं मंटू कुशवाहा के खिलाफ बरही थाना में वर्ष 2021 में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनु यादव (19 वर्ष), पिता प्रकाश यादव, निवासी सेलहारा खुर्द, पिंटू यादव (29 वर्ष), पिता काली यादव, निवासी सेलहारा खुर्द तथा मंटू कुशवाहा (30 वर्ष), पिता स्व. शिव शंकर महतो, निवासी बरसोत, थाना बरही के रूप में हुई है।
मामले में चौपारण थाना कांड संख्या 232/26, दिनांक 05 सितंबर 2026, धारा 305/3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में चौपारण थाना प्रभारी पु०अ०नि० पंकज कुमार, पु०अ०नि० दिव्य प्रकाश, पु०अ०नि० सुबिन्द्र राम, स०अ०नि० मो. कमरुद्दीन तथा स०अ०नि० बादल कुमार महतो शामिल रहे।
पुलिस द्वारा बरामद सामानों के संबंध में आगे की जांच की जा रही है तथा चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपियों की संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












