Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

Chatra:चतरा श्रम कार्यालय की कार्यशैली पर उठे सवाल, मकान मालिकों को भेजे जा रहे नोटिस से ग्रामीणों में नाराजगी

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

चतरा श्रम कार्यालय की कार्यशैली पर उठे सवाल, मकान मालिकों को भेजे जा रहे नोटिस से ग्रामीणों में नाराजगी

तकनीकी सहायक कुंदन सिंह के ‘सिविल इंजीनियर’ पदनाम पर भी विवाद, ग्रामीणों ने लगाया मनमाने तरीके से नोटिस भेजने और अवैध वसूली का आरोप

श्रम अधीक्षक बोले- फोटो के आधार पर मकान का क्षेत्रफल निर्धारित कर रहे हैं, 10 वर्षों का अनुभव; जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कहा- नियमों के तहत होगी कार्रवाई

 

चतरा। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित चतरा श्रम अधीक्षक कार्यालय की कार्यशैली इन दिनों सवालों के घेरे में है। मकान मालिकों को भवन निर्माण श्रमिक उपकर (लेबर सेस) की बकाया राशि जमा करने के लिए भेजे जा रहे नोटिस को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभाग द्वारा बिना समुचित जांच और स्पष्ट विवरण के चुनिंदा लोगों को नोटिस भेजकर दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, कुछ लोगों ने इस पूरी प्रक्रिया में अवैध वसूली की आशंका भी जताई है।

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से भेजे जा रहे कई नोटिस में मकान मालिकों की सही पहचान और संपत्ति का पूरा विवरण तक दर्ज नहीं है। कहीं मकान मालिक के स्थान पर किराएदार का नाम, तो कहीं पुत्र या व्यक्ति के पुकारू नाम से नोटिस भेजे जाने की शिकायत सामने आ रही है। लोगों का सवाल है कि जब किसी मकान से संबंधित बकाया उपकर की मांग की जा रही है, तो नोटिस में संबंधित मकान का खाता, प्लॉट, रकबा, गांव, मोहल्ला और अन्य आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से क्यों नहीं दिया जा रहा है?

ग्रामीणों के मुताबिक, यदि विभाग वास्तव में भवन निर्माण उपकर की बकाया राशि का आकलन करना चाहता है, तो पूरे क्षेत्र में एक समान और पारदर्शी तरीके से सर्वे कराया जाना चाहिए। सभी मकानों का नियमानुसार सत्यापन कर वास्तविक निर्माण लागत के आधार पर उपकर निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही आम लोगों को नियमों की जानकारी देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी होना चाहिए। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर कुछ चुनिंदा मकान मालिकों को ही निशाने पर लेकर नोटिस भेजने की प्रक्रिया क्यों अपनाई जा रही है?

तकनीकी सहायक के ‘सिविल इंजीनियर’ पदनाम पर भी सवाल

मामले में विभाग के तकनीकी सहायक कुंदन सिंह की भूमिका भी चर्चा में है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यालय में उनके नाम के साथ सिविल इंजीनियर (असैनिक अभियंता) का पदनाम प्रदर्शित किया जा रहा है, जबकि विभाग में इस नाम से पद स्वीकृत होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। बताया जाता है कि कुंदन सिंह का पदस्थापन आउटसोर्सिंग के माध्यम से तकनीकी सहायक के रूप में है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि विभागीय कार्यालय में उनके पदनाम और कार्यक्षेत्र की आधिकारिक स्थिति क्या है?

श्रम अधीक्षक ने दी अपनी सफाई

इस संबंध में श्रम अधीक्षक रवि कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि विभाग के पास मकानों की तस्वीरें उपलब्ध हैं। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर मकानों का क्षेत्रफल निर्धारित किया जा रहा है। इसके लिए मकान मालिकों को कार्यालय बुलाकर उनसे मकान के क्षेत्रफल की जानकारी ली जाती है और उनके मौखिक सत्यापन के आधार पर उपकर की बकाया राशि निर्धारित कर जमा करने को कहा जाता है।

जब उनसे पूछा गया कि केवल तस्वीर देखकर किसी मकान का सही-सही क्षेत्रफल और निर्माण लागत कैसे निर्धारित की जा सकती है, तो उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से यह कार्य कर रहे हैं और मकान की तस्वीर देखकर उसका क्षेत्रफल बता सकते हैं।

वहीं, कुंदन सिंह द्वारा स्वयं को सिविल इंजीनियर लिखे जाने के सवाल पर श्रम अधीक्षक ने कहा कि संभव है कि उन्होंने कहीं से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की हो, इसलिए अपने नाम के साथ यह पदनाम लिखते हों। हालांकि, विभाग में वह कार्यालय कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। श्रम अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी नोटिस नियमानुसार जारी किए जा रहे हैं और मकान मालिकों से मकान की कुल निर्माण लागत का एक प्रतिशत वन टाइम उपकर जमा कराया जाता है।

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने भी जताई अनभिज्ञता

मामले को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी से दूरभाष पर संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि जिला परिषद के माध्यम से नए मकान का निर्माण कराने वाले लोगों के लिए उपकर की राशि जमा कर रसीद कटवाने का प्रावधान है। हालांकि, पुराने मकानों के लिए बकाया राशि जमा करने के उद्देश्य से नोटिस भेजे जाने की जानकारी उन्हें नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोगों के माध्यम से शिकायतें और जानकारियां मिल रही हैं। मामले पर संज्ञान लिया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी कार्य नियमों के अनुरूप हों। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी पदाधिकारी के नोटिस से घबराने की आवश्यकता नहीं है। पहले नियम-कानून की जानकारी लें और उसके बाद ही आगे की प्रक्रिया अपनाएं।

अब उठ रहे हैं कई अहम सवाल

पूरे मामले ने श्रम विभाग की नोटिस जारी करने की प्रक्रिया, मकानों के क्षेत्रफल और निर्माण लागत के आकलन तथा संबंधित कर्मियों के पदनाम को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या केवल मकान की तस्वीर और मौखिक जानकारी के आधार पर उपकर की राशि निर्धारित करना पर्याप्त है? क्या नोटिस में संबंधित मकान और उसके मालिक का पूरा विवरण देना जरूरी नहीं है? क्या सभी मकानों का समान रूप से सर्वे किया जा रहा है या कुछ चुनिंदा लोगों को ही नोटिस भेजे जा रहे हैं?

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और आम लोगों की शिकायतों का समाधान किस प्रकार किया जाता है।

Ashish Yadav

Author: Ashish Yadav

खबर वही जो सबको रखे आगे

Leave a Comment

Rashtriy Samachar हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

और खबरें

Chatra:मंगरदाहा में बालू का खेल! गरीबों को बालू नहीं, माफियाओं का नदी किनारे कब्जा? एक साल से कारोबार जारी होने का आरोप।

मंगरदाहा नदी के किनारे बालू का अवैध साम्राज्य! वन भूमि पर डंप कर खुलेआम हो रही बिक्री एक साल से जारी है अवैध बालू का

Chatra:चतरा श्रम कार्यालय की कार्यशैली पर उठे सवाल, मकान मालिकों को भेजे जा रहे नोटिस से ग्रामीणों में नाराजगी

चतरा श्रम कार्यालय की कार्यशैली पर उठे सवाल, मकान मालिकों को भेजे जा रहे नोटिस से ग्रामीणों में नाराजगी तकनीकी सहायक कुंदन सिंह के ‘सिविल

Ranchi:रामगढ़ हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार! रजरप्पा दर्शन को निकले 14 लोग, 13 की मौत से मचा कोहराम।

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 13 लोगों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर नालंदा से रजरप्पा मंदिर जा रहा था परिवार, एनएच-33

Chatra:NDPS एक्ट के मामले में गिद्धौर पुलिस की कार्रवाई, प्राथमिकी अभियुक्त प्रिंस कुमार यादव गिरफ्तार

NDPS एक्ट के मामले में गिद्धौर पुलिस की कार्रवाई, प्राथमिकी अभियुक्त प्रिंस कुमार यादव गिरफ्तार थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री के नेतृत्व में लगातार जारी है

Live Cricket

error: Content is protected !!