जैव ईंधन की गुणवत्ता और मानकीकरण पर संसद में मंथन, स्थायी समिति की बैठक में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल
इथेनॉल और बायो-फ्यूल्स के गुणवत्ता मानकों पर हुई विस्तृत चर्चा, उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर
हजारीबाग। देश में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने और जैव ईंधन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में संसद में महत्वपूर्ण पहल की गई। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में आयोजित संसद की उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण संबंधी स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में इथेनॉल एवं अन्य जैव ईंधन (बायो-फ्यूल्स) की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, उनके मानकीकरण और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने समिति के समक्ष जैव ईंधन की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान देश में जैव ईंधन के उत्पादन एवं उपयोग के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने, मानकीकरण की प्रक्रिया को मजबूत बनाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध कराने से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
समिति की बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि इथेनॉल एवं अन्य जैव ईंधन को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता और मानकों पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। क्योंकि वैकल्पिक ईंधन के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के बीच उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना और उनके हितों की सुरक्षा करना बेहद महत्वपूर्ण है।
उल्लेखनीय है कि जैव ईंधन को बढ़ावा देना देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने, पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। ऐसे में जैव ईंधन की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और प्रभावी निगरानी व्यवस्था को सुनिश्चित करना भविष्य की ऊर्जा नीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
सांसद मनीष जायसवाल ने बैठक में अपनी सहभागिता की जानकारी साझा करते हुए कहा कि देश में गुणवत्तापूर्ण जैव ईंधन को प्रोत्साहित करना और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। संसद की स्थायी समिति के माध्यम से ऐसे विषयों पर चर्चा, समीक्षा और संबंधित मंत्रालयों से जानकारी प्राप्त करना बेहतर व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सांसद की इस संसदीय समिति की बैठक में सहभागिता को ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों, ईंधन की गुणवत्ता और उपभोक्ता अधिकारों से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण विषयों पर हजारीबाग का प्रतिनिधित्व करने के रूप में देखा जा रहा है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













