नगर आयुक्त के खिलाफ हजारीबाग प्रेस क्लब का हुंकार, एकदिवसीय धरने में उमड़ा जनसमर्थन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पत्रकारों के सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता पर समझौता नहीं : शाहनवाज हसन | जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर उठाई कार्रवाई की मांग
हजारीबाग। पत्रकारों के सम्मान, स्वाभिमान और प्रेस की स्वतंत्रता के सवाल पर गुरुवार को हजारीबाग में पत्रकारों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। नगर आयुक्त की कार्यशैली और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में हजारीबाग प्रेस क्लब के तत्वावधान में पुराने समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस धरने में जिले के पत्रकारों के साथ जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। धरना के माध्यम से नगर आयुक्त के रवैये पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकार जनता की समस्याओं को सामने लाने, सरकारी व्यवस्था की जवाबदेही तय करने और जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाने का काम करते हैं। ऐसे में यदि किसी खबर या रिपोर्टिंग को लेकर किसी अधिकारी को आपत्ति है तो उसे तथ्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के तहत अपना पक्ष रखना चाहिए, न कि पत्रकारों पर दबाव बनाने या उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला व्यवहार करना चाहिए।
शाहनवाज हसन बोले- पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्रता से समझौता बर्दाश्त नहीं
धरना को संबोधित करते हुए झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जे.जे.ए.) के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकारों का काम जनता की आवाज बनना और सरकारी व्यवस्था से सवाल पूछना है। यदि किसी खबर से किसी अधिकारी को आपत्ति है तो उसे तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए। पत्रकारों के बीच पहुंचकर प्रेस क्लब के दस्तावेज मांगना उचित प्रक्रिया नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकारों के सम्मान, स्वाभिमान और स्वतंत्रता से किसी भी कीमत पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारिता को दबाव में लाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने उठाए प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल
पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकारों का अधिकार है। यदि कोई पत्रकार जनहित में किसी मुद्दे को उठाता है तो प्रशासन को उसका जवाब देना चाहिए। सरकारी अधिकारियों का प्रेस क्लब पहुंचकर कागजात मांगना और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
पूर्व विधायक अकेला यादव ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक मजबूत कड़ी हैं। उनकी आवाज दबाने या उन्हें डराने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। पत्रकारों के मान-सम्मान की रक्षा होनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों के साथ अन्याय होने पर वे उनके साथ खड़े रहेंगे।
महापौर और जिला परिषद अध्यक्ष ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
महापौर अरविंद राणा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और जनहित के मुद्दों को समाज के सामने लाना उनकी जिम्मेदारी है। पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार उचित नहीं है। पूरे मामले में सभी पक्षों की बात सुनकर निष्पक्षता के साथ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए। प्रेस क्लब पहुंचकर दस्तावेज मांगने और पत्रकारों के साथ हुए कथित व्यवहार की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि पत्रकारों का सम्मान लोकतांत्रिक व्यवस्था के सम्मान से जुड़ा हुआ है। जनहित में खबर प्रकाशित करना पत्रकारों का दायित्व है। किसी भी अधिकारी को अपने पद का इस्तेमाल पत्रकारों को दबाव में लाने के लिए नहीं करना चाहिए। उन्होंने भी पूरे मामले की उचित जांच और कार्रवाई की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद हजारीबाग प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा पत्रकारों के सम्मान एवं प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि भविष्य में पत्रकारों के साथ इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।
राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का मिला व्यापक समर्थन
हजारीबाग प्रेस क्लब के इस धरना-प्रदर्शन को विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों का व्यापक समर्थन मिला। समर्थन देने वालों में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ना सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. आरसी प्रसाद मेहता, कांग्रेस प्रदेश संयोजक विनोद कुशवाहा, कांग्रेस प्रदेश सचिव रेणु कुमारी, पूर्व डिप्टी मेयर सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आनंद देव, कांग्रेस नेता सुरजीत नागवाला, पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद ओझा, बरकट्ठा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनूप भाई, वॉलंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन, सीपीआई नेता कामरेड मजीद अंसारी, कामरेड महेंद्र राम, भाजपा नेता मनमीत अकेला, विशाल वाल्मीकि, प्रोफेसर सुकल्यान मोइत्रा, कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष दीपक नाथ सहाय, झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के अध्यक्ष बटेश्वर मेहता, भाजपा नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद, शहीद जयमंगल पांडेय के वंशज सच्चिदानंद पांडेय, जिला परिषद सदस्य जीतन राम, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवलाल महतो, शेफाली गुप्ता, अर्जुन मेहता, सीपीएम जिला सचिव गणेश कुमार सीटू, झामुमो छात्र नेता चंदन सिंह, सरफराज अहमद, संजर मलिक, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरीश श्रीवास्तव, समाजसेवी सह विजय रथ के संचालक राजकुमार उर्फ बबलू कुशवाहा, समाजसेवी मनोज गुप्ता, जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के राज्य नेता रविंद्र पासवान, छात्र नेता जीवन यादव, आशीष कुमार, बप्पी करण, इंजीनियर अमन कुमार एवं वरिष्ठ पत्रकार जावेद इस्लाम समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे।
पत्रकारों ने दिया एकजुटता का संदेश
धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता हजारीबाग प्रेस क्लब के संरक्षक कृष्णा गुप्ता ने की, जबकि मंच संचालन प्रेस क्लब के सचिव दीपक सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ पत्रकार विकास सिंह ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हजारीबाग प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, जिले के पत्रकारों और सहयोगी साथियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धरना के माध्यम से पत्रकारों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाना पत्रकारिता का मूल दायित्व है। पत्रकारों के सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा केवल पत्रकारों का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक का सवाल है। अब सभी की निगाहें मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन की ओर हैं कि इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












