चरही के इंद्रा गांव में अवैध कोयला भंडारण का भंडाफोड़, 156.140 मीट्रिक टन कोयला और दो वे-ब्रिज जब्त
हजारीबाग। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अवैध कोयला भंडारण और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारीबाग जिले के चरही स्थित 15 माइल के निकट इंद्रा गांव में छापेमारी की। इस दौरान 156.140 मीट्रिक टन कोयला और दो वे-ब्रिज जब्त किए गए। सीआईएसएफ की इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
सीआईएसएफ की केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर 23 अक्टूबर 2026 को शाम चार बजे से रात 11 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उप कमांडेंट सुरेश जी. के निर्देशन में तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा की उपस्थिति में की गई।
अभियान के दौरान इंद्रा गांव स्थित अवैध कोयला भंडारण स्थल पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कोयला जब्त किया गया। जब्त कोयले को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए छह हाईवा वाहनों का इस्तेमाल किया गया। सीआईएसएफ के जवानों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोयले को निर्धारित सुरक्षित भंडारण क्षेत्र और संबंधित कोयला खनन परियोजना के कांटा घर तक पहुंचाया गया।
कार्रवाई के दौरान स्थल पर अवैध रूप से संचालित दो वे-ब्रिज भी जब्त किए गए। इस तरह सुरक्षा बल ने अवैध कोयला भंडारण के साथ-साथ उसके वजन और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों के विरुद्ध भी कार्रवाई की।
ग्रामीणों के सहयोग से मिली सफलता
सीआईएसएफ के अनुसार, इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों से मिली विश्वसनीय सूचनाओं और उनके सहयोग की अहम भूमिका रही। ग्रामीणों द्वारा समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही जानकारी से क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण और परिवहन जैसी गतिविधियों की पहचान करने में मदद मिल रही है।
अवैध कोयला कारोबार पर कार्रवाई जारी रहेगी
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, कोयला परियोजनाओं की संपत्ति और संसाधनों की रक्षा तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। बल ने विश्वसनीय सूचनाओं, सतत निगरानी और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ आगे भी आवश्यक कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता जताई है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













