हजारीबाग में खेल और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, 1 नवंबर को खुलेगा आवासीय बालिका बैडमिंटन केंद्र
कर्जन मैदान में तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र और सिंथेटिक ट्रैक बनाने की पहल, झील के फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन जल्द
हजारीबाग। जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। गुरुवार को उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में खेल एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, पौष्टिक आहार और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
1 नवंबर को होगा बालिका बैडमिंटन केंद्र का उद्घाटन
बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्गापूजा के बाद 1 नवंबर 2026 को आवासीय बालिका बैडमिंटन केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा कर्जन मैदान में बालिकाओं के लिए आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए खेल विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है। इससे जिले की प्रतिभाशाली बालिकाओं को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सकेगा।
कर्जन मैदान में बनेगा सिंथेटिक ट्रैक
खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कर्जन मैदान में एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक निर्माण की दिशा में भी पहल की जाएगी। वहीं, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और बास्केटबॉल के डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए पहले भेजे गए प्रस्तावों पर उपायुक्त स्तर से स्मार-पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण और पोषण
उपायुक्त ने एथलेटिक्स प्रशिक्षक को प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए दो से तीन विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने तथा अभ्यास की गुणवत्ता और तीव्रता बढ़ाने का निर्देश दिया। उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
इसके साथ ही विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के यात्रा व्यय, भोजन और आवासन के लिए राशि आवंटित करने के संबंध में खेल निदेशक को पत्र भेजने का निर्देश भी दिया गया।
झील के फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का उद्घाटन जल्द
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने हजारीबाग झील में बन रहे फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और जल्द उद्घाटन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा टाटीझरिया में नवनिर्मित मार्गीय सुविधा केंद्र का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जिले के सभी अधिसूचित पर्यटन स्थलों को बेहतर तरीके से प्रचारित करने पर जोर दिया गया। कैनरी हिल क्षेत्र में पर्यटकों की सुविधा के लिए सूचना संबंधी साइनबोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, जिला योजना सह पर्यटन पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












