Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

Chatra:चतरा में चोरी के मामलों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; रांची एयरपोर्ट से पकड़ा गया मुख्य संदिग्ध

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

चतरा में चोरी के मामलों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; रांची एयरपोर्ट से पकड़ा गया मुख्य संदिग्ध

पंचायत भवन समेत कई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता का पुलिस का दावा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और पांच मोबाइल बरामद

चतरा। चतरा सदर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। इनमें बैटरी, इन्वर्टर, होम थिएटर, प्रोजेक्टर, प्रिंटर, एलईडी टीवी, माइक्रोफोन, बायोमेट्रिक मशीन और पांच मोबाइल फोन समेत अन्य सामान शामिल हैं।

पंचायत भवन में चोरी के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह डाड़ा पंचायत भवन में चोरी की सूचना मिली थी। अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन का सीसीटीवी सिस्टम क्षतिग्रस्त कर ताला तोड़ दिया था और वहां रखे मॉनिटर, सीपीयू, बैटरी, इन्वर्टर, स्टेबलाइजर तथा प्रिंटर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिए थे।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 423/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया।

रांची एयरपोर्ट से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि मामले का एक संदिग्ध अजय कुमार हवाई जहाज से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से उसे पूछताछ के लिए पकड़ा और चतरा सदर थाना लाया।

पुलिस का कहना है कि अजय कुमार की निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए गए। इसके बाद मामले में कथित रूप से शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार (30), निवासी चंगेर टीकर, सदर थाना क्षेत्र; सनोज कुमार (22), निवासी पीलपौल, राजपुर थाना क्षेत्र; देवा नायक (22), निवासी पासी मोहल्ला, जराहीबाग, सदर थाना क्षेत्र; और दयाली भारती (29), निवासी चंगेर, सदर थाना क्षेत्र, चतरा के रूप में हुई है।

इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत कई वस्तुएं जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो बैटरियां, दो इन्वर्टर, एक होम थिएटर, एक लाइट प्रोजेक्टर, एक प्रिंटर, एक स्टेबलाइजर, दो एलईडी टीवी, एक माइक्रोफोन, एक बायोमेट्रिक मशीन, एक यूपीएस, एक बीएसएनएल वाउचर मशीन, एक डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर, मोबाइल फोन और चांदी का एक टुकड़ा समेत अन्य सामान जब्त किया है।

कई अन्य चोरी के मामलों में संलिप्तता का दावा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चतरा सदर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बंद घरों से चोरी, वाहन से टावर उपकरणों की चोरी और सीसीटीवी उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर चोरी करने जैसी घटनाओं से जुड़े सुराग मिले हैं। इसके अलावा गिद्धौर और सिमरिया थाना क्षेत्रों के कुछ मामलों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के विरुद्ध पहले भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल पूरे मामले का अनुसंधान जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

छापेमारी दल में ये अधिकारी शामिल

इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह, राहुल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार, प्रवीण कुमार, तकनीकी शाखा और सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

Ashish Yadav

Author: Ashish Yadav

खबर वही जो सबको रखे आगे

Leave a Comment

Rashtriy Samachar हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

और खबरें

Hazaribagh:हजारीबाग में ज्वेलरी डकैती कांड का खुलासा, मुख्य सरगना समेत पांच गिरफ्तार

हजारीबाग में ज्वेलरी डकैती कांड का खुलासा, मुख्य सरगना समेत पांच गिरफ्तार 4.051 किलो चांदी और 48.26 ग्राम सोने के आभूषण बरामद, हथियार और दो

Hazaribagh:दुर्गापूजा को लेकर हजारीबाग में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 18 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

दुर्गापूजा को लेकर हजारीबाग में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 18 से 21 अक्टूबर तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक शहर में नो एंट्री लागू,

Hazaribagh:हजारीबाग में खेल और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, 1 नवंबर को खुलेगा आवासीय बालिका बैडमिंटन केंद्र

हजारीबाग में खेल और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, 1 नवंबर को खुलेगा आवासीय बालिका बैडमिंटन केंद्र कर्जन मैदान में तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र और सिंथेटिक ट्रैक

Hazaribagh:हजारीबाग मे अनुकंपा नियुक्ति से लेकर चौकीदारों के रिक्त पदों तक की समीक्षा, डीसी ने दिए निर्देश

हजारीबाग मे अनुकंपा नियुक्ति से लेकर चौकीदारों के रिक्त पदों तक की समीक्षा, डीसी ने दिए निर्देश एमएसीपी लाभ, सेवा संपुष्टि और लंबित मामलों के

Live Cricket

error: Content is protected !!