गिद्धौर में 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और 15,500 रुपये जब्त
एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
चतरा। गिद्धौर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 20.98 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर के अलावा मोबाइल फोन, नकद रुपये, चांदी की चेन, मोटरसाइकिल और व्हाट्सऐप चैटिंग के प्रिंट भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि अपराधी प्रवृत्ति का एक व्यक्ति अपाची मोटरसाइकिल से चतरा से हजारीबाग की ओर जाने वाला है। सूचना के सत्यापन के लिए सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक बिरेन्द्र हांसदा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के सलीमपुर मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की। इसी दौरान चतरा की ओर से काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर आ रहे एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, युवक ने भागने का प्रयास किया, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पीछा कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक की पहचान निराला कुमार (19), पिता अनिल कुमार दांगी, ग्राम लोवागड़ा, थाना सदर, जिला चतरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने मौके से 15,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक सिल्वर रंग की चेन, एक मोटरसाइकिल और व्हाट्सऐप चैटिंग के प्रिंट भी जब्त किए हैं।
मामले में गिद्धौर थाना कांड संख्या 94/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 दर्ज करते हुए NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक बिरेन्द्र हांसदा, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री तथा गिद्धौर थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र जवान शामिल थे।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












