इंटक प्रदेश अध्यक्ष ने एसपी-डीआईजी को लिखा पत्र, थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
बीजीआर हेड के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और हिरासत में रखने का आरोप; मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
हजारीबाग:-राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष राकेश प्रसाद पांडेय ने हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार और डीआईजी अंजनी कुमार झा को पत्र भेजकर पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पत्र में इंटक के बीजीआर हेड परमेश्वर कुमार के साथ कथित दुर्व्यवहार, मारपीट, गाली-गलौज और हथकड़ी लगाकर हाजत में रखने का आरोप लगाया गया है।
इंटक के प्रतिनिधिमंडल ने पत्र की प्रतिलिपि डीआईजी को भी सौंपी। प्रतिनिधिमंडल में इंटक के प्रदेश सचिव धीरज कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता सूरजीत नाग, मनोज नारायण भगत, अशोक देव समेत कई लोग शामिल थे।
भ्रष्टाचार की शिकायत करने पर कार्रवाई का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष राकेश प्रसाद पांडेय ने पत्र में आरोप लगाया है कि बीजीआर हेड परमेश्वर कुमार द्वारा कथित भ्रष्टाचार का मामला उठाए जाने के बाद पगार ओपी प्रभारी ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। उन्होंने कहा कि किसी शिकायतकर्ता के साथ इस तरह का व्यवहार न्यायसंगत नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
पत्र के अनुसार, 14 अगस्त को बालू लदे एक ट्रैक्टर को पकड़े जाने के बाद उसे कथित रूप से चार हजार रुपये लेकर छोड़ने की शिकायत परमेश्वर कुमार ने थाना प्रभारी से की थी। आरोप है कि यह राशि बालू गाड़ी छोड़ने के एवज में एक निजी चालक के खाते में ली गई थी।
3 सितंबर को थाना बुलाने का आरोप
पत्र में दावा किया गया है कि शिकायत से नाराज होकर थाना प्रभारी दिनेश मंडल ने 3 सितंबर की शाम परमेश्वर कुमार को फोन कर थाना बुलाया। इंटक प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार, थाना पहुंचने के बाद परमेश्वर के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उन्हें हथकड़ी लगाकर हाजत में रखा गया।आरोप है कि मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को दिए जाने के बाद उनके हस्तक्षेप से परमेश्वर कुमार को छोड़ा गया।
उच्च अधिकारियों से जांच की मांग
इंटक प्रदेश अध्यक्ष ने एसपी और डीआईजी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि पुलिस पदाधिकारी का इस तरह का कथित व्यवहार झारखंड पुलिस की छवि को प्रभावित करता है।इंटक ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन के प्रतिनिधि उच्च अधिकारियों से मिलकर पूरे प्रकरण की जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे।थाना प्रभारी दिनेश मंडल का पक्ष इस खबर में उपलब्ध नहीं है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












