पबरा में अवैध शराब के खिलाफ हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55 पीस शराब बरामद
दुकान में छापेमारी के दौरान भागने लगा संचालक, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा; बिना वैध कागजात शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार
हजारीबाग:- अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पेलावल ओपी क्षेत्र के पबरा गांव में एक दुकान पर छापेमारी की। पुलिस ने दुकान से कुल 55 पीस अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे दुकान संचालक नरेश राम, पिता चरण राम, निवासी पबरा को पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पबरा गांव में एक दुकान से बिना वैध अनुज्ञप्ति के अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
दुकान की तलाशी में मिली शराब
पुलिस टीम ने पबरा गांव पहुंचकर नरेश राम की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही नरेश राम भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। इसके बाद दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बिना वैध कागजात के विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बरामद शराब में 31 पीस विदेशी शराब और 24 पीस बीयर, यानी कुल 55 पीस शामिल हैं।
स्पष्ट जवाब नहीं दे सका दुकानदार
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार नरेश राम शराब रखने और उसकी बिक्री से संबंधित कोई स्पष्ट जवाब अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बिना वैध कागजात के अवैध रूप से विदेशी शराब बेचने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन, पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल सपन महथा, पेलावल ओपी प्रभारी पु०अ०नि० बिट्टु रजक, पु०अ०नि० प्रमोद कुमार राय, पु०अ०नि० राजदीप कुमार तथा पेलावल ओपी के सशस्त्र बल शामिल रहे।
पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













