एसीबी की बड़ी कार्रवाई: लंबे समय से फरार ड्राफ्टमैन कृष्णा सिंह गिरफ्तार
हजारीबाग:एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), हजारीबाग की टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे ड्राफ्टमैन कृष्णा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कृष्णा सिंह के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी था। एसीबी की टीम काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम ने बुधवार को कृष्णा सिंह की गिरफ्तारी के लिए उसके आवास पर छापेमारी की। हालांकि, छापेमारी के दौरान वह घर पर मौजूद नहीं मिला। इसके बाद एसीबी की टीम ने उसकी तलाश जारी रखते हुए सेटलमेंट कार्यालय में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इसी दौरान कृष्णा सिंह वहां मिल गया, जिसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया है कि कृष्णा सिंह के खिलाफ एसीबी की ओर से पूर्व में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। मामले में न्यायालय से उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट भी प्राप्त किया गया था। वारंट जारी होने के बाद से ही एसीबी की टीम उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम कृष्णा सिंह को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुट गई है। बुधवार को ही उसे कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां से न्यायालय के आदेश के बाद उसे जेल भेजे जाने की संभावना है।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, कृष्णा सिंह के खिलाफ दर्ज मामले और आरोपों के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान सामने आएगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













