सिमरिया में अवैध हथियार और चोरी की 4 बाइक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, घर की तलाशी में कंट्रीमेड बंदूक मिलने का दावा
सिमरिया,चतरा। सिमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में आरोपी के घर से एक कंट्रीमेड बंदूक और चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।पुलिस को 25 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि काशियातु टोला चोरबोरा निवासी मुकेश गंझू के घर में अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिलें रखी गई हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए SDPO सिमरिया के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, पकड़ा गया आरोपी
गठित टीम सूचना के आधार पर काशियातु टोला चोरबोरा स्थित आरोपी के घर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, तलाशी की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।पूछताछ में उसकी पहचान मुकेश गंझू, पिता जेठू गंझू, निवासी काशियातु टोला चोरबोरा, थाना सिमरिया, जिला चतरा के रूप में हुई।
घर से बंदूक और चार बाइक बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के घर से एक कंट्रीमेड बंदूक और चार मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस द्वारा आगे सत्यापन एवं जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर सिमरिया थाना कांड संख्या 150/26, दिनांक 25 अगस्त 2026 को BNS की धारा 317(5)/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार आरोपी मुकेश गंझू के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों और उनके चोरी से जुड़े मामलों का सत्यापन करने में जुटी है। साथ ही बरामद हथियार के स्रोत और आरोपी के संभावित आपराधिक संपर्कों को लेकर भी जांच की जा रही है।
बरामद सामान
1 कंट्रीमेड बंदूक
4 मोटरसाइकिल
छापामारी दल
कार्रवाई में SDPO सिमरिया नागरगोजे शुभम भाउसाहेब, सिमरिया थाना प्रभारी पु०अ०नि० अमित कुमार गुप्ता तथा सिमरिया थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












