चौपारण में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 18 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
चौपारण :हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब से लदी दो कारों को भी जब्त किया। बरामद शराब की खेप बिहार भेजी जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को 23 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि कमलवार से अम्बाजीत जाने वाले मार्ग पर एक सफेद रंग की कार से शराब लाकर दूसरी कार में लोड कर बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी टीम जब कमलवार मोड़ से लगभग 500 मीटर आगे अम्बाजीत रोड पहुंची तो वहां दो कारें आमने-सामने खड़ी मिलीं। दोनों कारों की डिक्की खुली थी और कुछ लोग एक वाहन से दूसरे वाहन में सामान स्थानांतरित कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार दास (35), निवासी दबगर मोहल्ला, चौपारण, आशीष कुमार (20) एवं संतोष कुमार यादव (20), दोनों निवासी करमोनी, थाना डोभी, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हैं। तलाशी में हुंडई वरना कार से 11 पेटी तथा अल्टो कार से 7 पेटी Officer’s Choice ब्रांड की 180 एमएल व्हिस्की बरामद हुई। कुल 18 पेटी में 864 पीस अंग्रेजी शराब जब्त की गई। आरोपियों के पास शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि शराब की खेप बगोदर से लाकर चौपारण के रास्ते बिहार भेजी जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध उत्पाद एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह कार्रवाई बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक श्रवण कुमार पासवान, सहायक अवर निरीक्षक बादल महतो तथा चौपारण थाना के सशस्त्र बल की टीम ने संयुक्त रूप से की।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












