बिहार भेजी जा रही 10,602 लीटर अवैध शराब की खेप जब्त, बरही पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 3 तस्कर गिरफ्तार
हजारीबाग/बरही:- हजारीबाग पुलिस ने बिहार पुलिस की सीआईडी और नारकोटिक्स टीम के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना के पास 1190 पेटी (करीब 10,602.36 लीटर) अवैध शराब से लदे ट्रक को जब्त कर लिया। इस दौरान तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने रसोईयाधमना के पास पहुंचकर एक ट्रक और बिना नंबर के केटा वाहन को घेर लिया। पुलिस को देखते ही एक आरोपी झाड़ियों की ओर भाग निकला, जबकि ट्रक और केटा वाहन लेकर भाग रहे तीन आरोपियों को रसोईयाधमना टोल प्लाजा के आगे रास्ता घेरकर बिहार पुलिस के सहयोग से दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ट्रक में अवैध शराब लोड है और उसे स्थानीय तस्करों की मदद से बिहार भेजने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने ट्रक की तलाशी लेने पर मैकडॉवेल्स नंबर-1 ब्रांड की शराब की कुल 1190 पेटियां बरामद कीं।
बरामद शराब
- 750 ML की 299 पेटी (2,691 लीटर)
- 350 ML की 592 पेटी (5,328 लीटर)
- 180 ML की 299 पेटी (2,583.36 लीटर)
कुल बरामदगी: 1190 पेटी, 10,602.36 लीटर अवैध शराब
गिरफ्तार आरोपी
- राकेश कुमार (बरही) – ट्रक चालक
- खिरोधर साव उर्फ गुलाब साव (बरही) – केटा वाहन चालक
- सन्नी कुमार (बरही)
पुलिस ने शराब से लदा ट्रक (HP72D-7889) और बिना नंबर का केटा वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी की सराहनीय भूमिका
इस पुरी कार्रवाई में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार की सक्रियता, त्वरित रणनीति और बिहार पुलिस के साथ बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय रहते की गई इस कार्रवाई से बिहार भेजी जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप पकड़ी गई, जिसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


