चतरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: कोयलांचल को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, हथियार के साथ राहुल दुबे गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार
चतरा/पिपरवार: चतरा पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए कोयलांचल क्षेत्र में दहशत फैलाने की एक बहुत बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने टंडवा और पिपरवार कोयला क्षेत्र में लेवी (रंगदारी) को लेकर फायरिंग और आगजनी की योजना बना रहे कुख्यात राहुल दुबे गैंग के तीन सक्रिय शूटरों को धर दबोचा। इनके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अपराधियों में बोकारो जिले के संजय मूर्ति व आलोक कुमार सिंह और हजारीबाग जिले का अजय करमाली शामिल है।
थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा और टीम की त्वरित कार्रवाई ने टाला बड़ा हादसा
इस पूरे ऑपरेशन में पिपरवार थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रशांत कुमार मिश्रा और टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा की भूमिका बेहद सराहनीय रही। सूचना मिलते ही बिना वक्त गंवाए थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने अपनी टीम के साथ पिपरवार थाना क्षेत्र में जाल बिछाया। उनकी त्वरित और सटीक रणनीति के कारण ही अपराधी किसी वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिए गए। कोयलांचल में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और व्यापारियों व आम जनता में विश्वास बहाल करने के लिए पिपरवार थाना प्रभारी की इस मुस्तैदी की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।
लेवी के लिए कोयला खदानों और साइडिंग की कर रहे थे रेकी
चतरा पुलिस को १३ जुलाई २०२६ को गुप्त सूचना मिली थी कि जेल में बंद कुख्यात अपराधी राहुल दुबे के इशारे पर उसके गैंग के सदस्य टंडवा और पिपरवार के कोयला साइडिंग और माइंस की रेकी कर रहे हैं। वे लेवी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग कर दहशत फैलाना चाहते थे।
सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) टंडवा, श्री प्रभात रंजन बरबार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया, जिसमें पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा और टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा समेत सशस्त्र बल शामिल थे।
पकड़े गए अपराधियों का कबूलनामा:
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे के इशारे पर रामगढ़ के बरकाकाना व कुज्जू, हजारीबाग के केरेडारी व चरही, चतरा के आम्रपाली व पिपरवार (अशोका माइंस और राजधर साइडिंग) तथा रांची के खेलारी क्षेत्र में फायरिंग और आगजनी के लिए रेकी कर रहे थे। वे पिपरवार थाना क्षेत्र में आम्रपाली और राजधर साइडिंग में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के लिए ही इकट्ठा हुए थे।
बरामद सामानों की सूची
पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं:
- देशी पिस्टल: ०१
- देशी कट्टा: ०१
- जिंदा कारतूस: ०६
- मोबाईल फोन: ०३
- मोटरसाइकिल: JH08H-3055
दर्ज हुई प्राथमिकी, भेजे गए जेल
इस मामले को लेकर पिपरवार थाना में काण्ड संख्या-30/26 के तहत नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2), 111(3), 111(4), 61(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


