चतरा जिले में मूसलाधार बारिश से गिद्धौर प्रखंड कार्यालय जलमग्न, किसानों की फसलें डूबीं
गिधौर,चतरा : जिले में दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गिद्धौर प्रखंड की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। लोटा डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण आसपास की कई सड़कें पानी में डूब गई हैं। हालत इतने बिगड़े कि गिद्धौर प्रखंड कार्यालय परिसर तक पानी घुस गया, जिससे सामान्य कार्य पूरी तरह ठप हो गया।कार्यालय परिसर में चार से पाँच फीट तक पानी भर जाने से कई महत्वपूर्ण कागजात और रजिस्टर भीगकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। कार्यालय कर्मियों का कहना है कि इस हालात में दफ्तर का कामकाज ठप है और किसानों से जुड़ी फाइलें भी सुरक्षित नहीं रह पाएंगी।बारिश ने किसानों की भी कमर तोड़ दी है। खेतों में धान की फसलें डूब चुकी हैं, जबकि सब्जियों की खेती पूरी तरह बर्बाद हो गई है। किसान अब सरकारी मदद की आस लगाए हुए हैं।स्थानीय प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है। साथ ही नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी ताकि प्रभावित किसानों को मुआवज़ा उपलब्ध कराया जा सके



