गिद्धौर का लाल बना सेल्स टैक्स ऑफिसर, विश्वजीत की सफलता से गांव में जश्न का माहौल।
चतरा (गिद्धौर):-गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय के भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष लखन दांगी के पुत्र विश्वजीत कुमार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर प्रखंड का नाम गौरवान्वित किया है। उन्हें राज्य वित्त सेवा (Finance Service) में चयनित किया गया है, जहां वे अब सेल्स टैक्स ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
विश्वजीत की इस सफलता से न सिर्फ उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है, बल्कि पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, ग्रामीणों और दोस्तों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की है।पूर्व प्रखंड अध्यक्ष लखन दांगी ने कहा कि यह पल उनके जीवन का सबसे गर्वपूर्ण क्षण है।
वहीं, विश्वजीत ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र भी अगर लक्ष्य तय कर मेहनत करें, तो कोई मंजिल दूर नहीं होती।विश्वजीत की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है, और यह साबित हो गया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













