हजारीबाग लैंड स्कैम: IAS विनय चौबे ने हाईकोर्ट में दायर की जमानत याचिका।

रांची/हजारीबाग: हजारीबाग लैंड स्कैम मामले में पिछले करीब दस महीनों से जेल में बंद IAS अधिकारी विनय चौबे ने झारखंड हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। उनके अधिवक्ता के माध्यम से यह बेल पिटीशन दायर की गई है। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी की अदालत में चल रही है। अदालत ने अब तक की सुनवाई के दौरान ACB को इस मामले में अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।ACB इस मामले में पहले ही विनय चौबे के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जांच एजेंसी ने प्रारंभिक जांच के बाद रांची ACB में कांड संख्या 11/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।जांच में कुल 73 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें विनय चौबे के करीबी विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद, तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार और ब्रोकर विजय सिंह समेत अन्य लोग शामिल हैं।ACB के अनुसार, वन भूमि से जुड़े इस कथित घोटाले में जमीन दिलाने और उसके म्यूटेशन की प्रक्रिया में तत्कालीन उपायुक्त विनय चौबे, अंचल अधिकारियों और ब्रोकरों की भूमिका सामने आई है।बताया जा रहा है कि विवादित जमीन हजारीबाग के सदर अंचल के बभनवे मौजा, हल्का नंबर 11 में स्थित है। इसमें खाता नंबर 95 के प्लॉट नंबर 1055, 1060 और 848 का कुल रकबा 28 डिसमिल तथा खाता नंबर 73 के प्लॉट नंबर 812 का रकबा 72 डिसमिल शामिल है। ACB के अनुसार इन जमीनों पर विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह का कब्जा बताया गया है।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










