हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में अस्थि एवं जोड़ सप्ताह का शुभारंभ, दुर्घटना से बचाव का दिया संदेश
हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसबीएमसीएच), हजारीबाग में मंगलवार को अस्थि एवं जोड़ सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुनील वर्मा, अधीक्षक प्रो. (डॉ.) एच.के. सिंह तथा अस्थिरोग विभाग के प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने फीता काटकर किया।अस्थि एवं जोड़ सप्ताह का आयोजन 3 से 10 अगस्त तक पूरे देश में किया जाता है। इस दौरान लोगों को हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने लोगों को हड्डियों को मजबूत रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, हरी सब्जियों और कैल्शियम युक्त भोजन के सेवन की सलाह दी। उन्होंने नियमित व्यायाम करने, बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने तथा कार में आगे और पीछे बैठने वाले सभी लोगों को सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय शराब का सेवन बिल्कुल नहीं करने का संदेश दिया।कार्यक्रम के तहत अस्पताल की ओपीडी में मरीजों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। मरीजों को दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए तथा कैल्शियम एवं विटामिन की गोलियों का वितरण भी किया गया।इस अवसर पर अस्थिरोग विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. अभिषेक मदत सहित विभाग के जूनियर रेजिडेंट चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि हजारीबाग में यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को हड्डियों एवं जोड़ों की देखभाल तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













