BREAKING NEWS : रांची पुलिस को बड़ी सफलता, धुर्वा से लापता मासूम अंश–अंशिका सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

रांची:रांची पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी खटाल से 2 जनवरी को लापता हुए मासूम भाई–बहन अंश और अंशिका को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों की बरामदगी रामगढ़ जिले के चितरपुर थाना क्षेत्र से की गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।करीब 13 दिनों तक चले इस हाई प्रोफाइल सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चों की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।

चार लाख रुपये का इनाम किया गया था घोषित

बता दें कि बच्चों की लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर रांची पुलिस ने सूचना देने वाले के लिए चार लाख रुपये इनाम की घोषणा की थी। इसके साथ ही पुलिस ने गंतव्य केयर फाउंडेशन नामक एनजीओ के सहयोग से व्यापक पोस्टर अभियान भी चलाया था, ताकि बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी जल्द से जल्द मिल सके।
5000 मोबाइल नंबर और 2000 CCTV फुटेज खंगाले गए
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने 5000 से अधिक मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल,करीब 2000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आखिरकार पुलिस बच्चों तक पहुंचने में सफल रही।
2 जनवरी को घर से निकले, फिर नहीं लौटे थे बच्चे
गौरतलब है कि 2 जनवरी की दोपहर करीब तीन बजे, धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी खटाल निवासी अंश और अंशिका घर से कुछ सामान लेने के लिए बाहर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद धुर्वा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
धरना और धुर्वा बंद से बढ़ा दबाव
तीन–चार दिन तक बच्चों का कोई पता नहीं चलने पर परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। परिजन धुर्वा थाना क्षेत्र में धरने पर बैठ गए, वहीं बीते रविवार को धुर्वा बंद का भी आह्वान किया गया था। मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने खोज अभियान और तेज कर दिया।
जांच जारी, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ
फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। बच्चों के अपहरण के पीछे के कारणों, नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों को लेकर जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया जाएगा।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











