बड़कागांव में वृद्धा की हत्या, थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
गोंदलपुरा में घर के अंदर खून से लथपथ मिली तेतरी देवी की लाश, डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू
बड़कागांव। थाना क्षेत्र के गोंदलपुरा गांव में एक वृद्ध महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला की पहचान तेतरी देवी के रूप में हुई है। उनका शव घर के अंदर खून से लथपथ अवस्था में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
हर पहलू पर जांच जारी
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि घटना को लेकर हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस टीम साक्ष्यों को जुटाने के साथ घटना के कारण और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान करने में लगी है।
थाना प्रभारी ने भरोसा जताया कि हत्यारा जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच जारी है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












