यूएसए मेड हथियार और कारतूस के साथ जीजा-साला गिरफ्तार, स्वर्ण कारोबारियों को बनाया था निशाना!
बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे दोनों अपराधी, पुलिस ने समय रहते किया गिरफ्तार; मेड इन यूएसए लिखा पिस्टल, 9 एमएम कारतूस और बाइक बरामद
चतरा। जिले की कुंदा थाना पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश को नाकाम करते हुए अवैध हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा-साला हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों कुंदा थाना क्षेत्र के सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की फिराक में थे। इलाके में दहशत फैलाने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की उनकी योजना थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपाड़ा गांव निवासी दशरथ कुमार भारती और एकता गांव के मरगड़ा टोला निवासी उसके साले विक्रम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दशरथ कुमार भारती के पास से मेड इन यूएसए नंबर-11 अंकित एक अवैध पिस्टल, 9 एमएम का एक जिंदा कारतूस, दो मिस फायर गोली तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
गुप्त सूचना पर एसपी के निर्देश से बनी विशेष टीम
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, चतरा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर कुंदा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए संबंधित इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पिंजनी गांव के पड़रियाबर टोला स्थित तीन मोहान के समीप पुलिस बल को देखकर मोटरसाइकिल सवार एक युवक भागने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
बेल्ट में छिपाकर रखा था पिस्टल और कारतूस
पकड़े गए युवक की विधिवत तलाशी लेने पर उसके बेल्ट में खोसा हुआ 9 एमएम का पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा दो मिस फायर गोली और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पूछताछ में उसकी पहचान दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई।
साले ने उपलब्ध कराया था हथियार, कारोबारियों को निशाना बनाने की थी योजना
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पूछताछ के दौरान दशरथ कुमार भारती ने खुलासा किया कि उसके साले विक्रम कुमार ने इलाके के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने के उद्देश्य से उसे अवैध हथियार उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों जीजा-साला मिलकर कुंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य व्यवसायियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। उनका उद्देश्य बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाना था। हालांकि, पुलिस की सक्रियता से उनकी योजना सफल होने से पहले ही दोनों गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार दशरथ का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दशरथ कुमार भारती का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कुंदा थाना में एक अन्य आपराधिक मामला भी दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित अन्य संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
इस छापेमारी अभियान में कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को संभावित बड़ी आपराधिक घटना रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












