2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का निधन, पुलिस महकमे में शोक
रांची। झारखंड पुलिस की 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का बुधवार को रांची के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह गिरिडीह जिला बल में पदस्थापित थीं और वर्तमान में झारखंड हाईकोर्ट, रांची में गिरिडीह जिला बल की कोर्ट नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त थीं।
जानकारी के अनुसार, डिलीवरी के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
सुमित्रा कच्छप के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही झारखंड पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम सलामी
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुमित्रा कच्छप के पार्थिव शरीर को रांची पुलिस लाइन लाया जाएगा। यहां झारखंड पुलिस की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी जाएगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












