Puri Rath Yatra 2026:पुरी रथ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़, अफरा-तफरी में एक श्रद्धालु की मौत की खबर, 200 से अधिक लोग अस्पताल पहुंचे
पुरी:-ओडिशा के पुरी में गुरुवार को आयोजित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रथ यात्रा के दौरान ग्रैंड रोड पर अचानक बढ़ी भीड़ और अफरा-तफरी के बीच एक श्रद्धालु की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में तकलीफ होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों को श्रीमंदिर से बाहर निकालने के दौरान ग्रैंड रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान भीड़ के दबाव और घुटन के कारण एक श्रद्धालु बेहोश हो गया। उसे तत्काल पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से अभी नहीं की गई है।
घटना के दौरान कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में परेशानी और तबीयत बिगड़ने की शिकायत हुई। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। विभिन्न अस्पतालों में 200 से अधिक श्रद्धालुओं का उपचार किया गया। अधिकांश की हालत सामान्य बताई जा रही है।
रथ यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। घटना के बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया।


