‘काम नहीं तो टैक्स नहीं’ के नारे के साथ विनोद भगत मैदान में, धनबल की राजनीति पर साधा निशाना

हजारीबाग: नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। महापौर पद के प्रत्याशी एवं झारखंड आंदोलनकारी स्व. रामावतार भगत के अनुज विनोद भगत ने वृहद प्रेसवार्ता कर अपने चुनावी विजन और घोषणापत्र को सार्वजनिक किया। ‘टॉर्च छाप’ (क्रमांक 4) पर चुनाव लड़ रहे विनोद भगत ने शहर के लगभग एक लाख सतहत्तर हजार मतदाताओं से मतदान के दिन बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हजारीबाग का पारदर्शी और सर्वांगीण विकास है। मतदाताओं से जातिवाद, धर्मभेद और धनबल के प्रलोभन से दूर रहकर मतदान करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि सशक्त नेतृत्व ही शहर को नई दिशा दे सकता है।

‘काम नहीं तो टैक्स नहीं’ का वादा

विनोद भगत ने अपने घोषणापत्र की प्रमुख घोषणा करते हुए ‘काम नहीं तो टैक्स नहीं’ का नारा दिया। उन्होंने होल्डिंग टैक्स में 25 प्रतिशत की कटौती का आश्वासन दिया। साथ ही नगर निगम की कार्यप्रणाली को जनता के दरवाजे तक पहुंचाने के लिए ‘मेयर मित्र’ योजना की घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक क्षेत्र में 8-10 प्रतिनिधि नियुक्त किए जाएंगे, जो शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कार्य करेंगे।शहर की सुरक्षा और रोशनी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बिजली खंभों पर सोलर लाइट लगाने का संकल्प भी दोहराया।
अफवाहों और कदाचार पर तीखा प्रहार
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने विपक्ष पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए स्पष्ट किया कि वे किसी भी परिस्थिति में चुनाव मैदान से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने चुनाव में धन, शराब और अन्य प्रलोभनों के वितरण की संस्कृति की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे तरीके लोकतंत्र को कमजोर करते हैं।सरकारी अस्पताल परिसर के बाहर पार्किंग शुल्क वसूली को उन्होंने अमानवीय बताते हुए इसे बंद कराने का वादा किया। यातायात समस्या के समाधान के लिए सड़कों की लाइनिंग और रेड लाइन व्यवस्था लागू करने की बात कही।
खास महल और पत्रकार सुरक्षा पर बयान
खास महल जमीन विवाद पर उन्होंने निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। अवैध निर्माण पर बिना भेदभाव कार्रवाई की बात कही। वहीं पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने प्रशासन से वार्ता कर मान्यता प्राप्त पत्रकारों को लाइसेंसी हथियार उपलब्ध कराने की मांग उठाने की बात कही।विनोद भगत का यह बयान और चुनावी घोषणाएं शहर की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई हैं।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










