26 फरवरी को जमशेदपुर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कदमा मरीन ड्राइव में करेंगी भूमि पूजन।

जमशेदपुर:जमशेदपुर में 26 फरवरी को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन होगा।दोपहर 12 बजे वह कदमा के मरीन ड्राइव स्थित आयोजन स्थल पहुंचेंगी,जहां श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मंदिर निर्माण का भूमि पूजन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लगभग चार घंटे तक शहर में रहेंगी। सुबह 11 बजे वह वायुसेना के विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा सोनारी एयरपोर्ट आएंगी। सोनारी से उनका काफिला सर्किट हाउस गोलचक्कर, साई मंदिर होते हुए मरीन ड्राइव के रास्ते आयोजन स्थल तक पहुंचेगा।कार्यक्रम लगभग डेढ़ घंटे का होगा। आयोजन के लिए विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें करीब 1200 अतिथियों के बैठने की व्यवस्था होगी। बैठने की व्यवस्था तीन श्रेणियों में होगी—एक ओर ट्रस्ट एवं आरएसबी ग्रुप के प्रतिनिधि, दूसरी ओर विशिष्ट अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी, तथा पीछे आम जनता के लिए स्थान निर्धारित रहेगा।कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति सर्किट हाउस जाएंगी, वहां दोपहर का भोजन करने के पश्चात बारिडीह स्थित टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगी और शाम करीब चार बजे वापस लौट जाएंगी। श्री जगन्नाथ मंदिर और आध्यात्मिक केंद्र का निर्माण मरीन ड्राइव के समीप लगभग 2.5 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। मंदिर का निर्माण पत्थरों से किया जाएगा और इसकी वास्तुकला व शिल्पकला आकर्षण का केंद्र होगी। यह परियोजना झारखंड में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।ट्रस्टी एस. के. बेहरा ने बताया कि यह केवल एक धार्मिक स्थल नहीं होगा, बल्कि इसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अध्ययन केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी और विद्यार्थियों को शैक्षणिक व सांस्कृतिक लाभ मिल सके।गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू जब झारखंड की राज्यपाल थीं, उसी दौरान इस भूमि का आवंटन हुआ था। अनुमान है कि मंदिर निर्माण कार्य में करीब चार वर्ष का समय लगेगा। भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह के दौरान राष्ट्रपति सभा को संबोधित भी करेंगी।राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) मनोज कौशिक और ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैठने की व्यवस्था, आपात चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन प्रबंध, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और पेयजल सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार सहित कई गणमान्य अतिथियों के उपस्थित रहने की संभावना है। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू की यह जमशेदपुर की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले वह करनडीह में संथाली ओलचिकी लिपि के शताब्दी समापन समारोह में शामिल हुई थीं।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे










